तत्काल जाॅच एवं उपचार उपलब्ध होने की सुविधा से घट रही मलेरिया मरीजों की संख्या,

 

 

 

 

 

बीरबल समाचार सीधी। जिला मलेरिया अधिकारी हरिओम सिंह ने जानकारी देकर बताया है कि मलेरिया विभाग द्वारा मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया प्रभावित क्षेत्रों में रोकथाम हेतु फीवर सर्वे, लार्वा सर्वे, लार्वा विनष्टीकरण एवं आवश्यकतानुसार कीटनाशन छिड़काव कार्य फाॅगिंग कराया जाता है। जिले में विगत वर्षों की तुलना में मलेरिया प्रकरणों में कमी आई है। वर्ष 2022 में 172 मलेरिया प्रकरण, वर्ष 2023 में 58 एवं वर्ष 2024 में केवल 39 मलेरिया प्रकरण पाये गये हैं। विगत कई वर्षों से जिले में मलेरिया से किसी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई है। मलेरिया से बचाव के लिए मैदानी आशा कार्यकर्ता, ए.एन.एम., एम.पी.डब्ल्यू के द्वारा सर्वेंलेंस कार्य किया गया है। विगत कई वर्षों से मलेरिया सर्वेलेंस का कार्य निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध शत-प्रतिशत रहा है। आशा कार्यकर्ता के पास उपलब्ध रैपिड डायग्नोस्टिक किट से मलेरिया सर्वेलेंस का कार्य किये जाने के कारण बुखार के मरीज की तत्काल जाॅच कर परिणाम घोषित किया गया है एवं मलेरिया पाॅजिटिव होने पर आशा कार्यकर्ता ही मलेरिया की दवा का सेवन मलेरिया रोगी को कराती हैं। तत्काल जाॅच एवं उपचार उपलब्ध होने की सुविधा के कारण लगातार मलेरिया मरीजों की संख्या घट रही है।  मच्छरों के रोकथाम हेतु जलाशयों में शासन द्वारा प्रदान की गई बी.टी.आई पाउडर एवं लिक्विड डलवाया जा रहा है जो मच्छरों की संख्या को नियंत्रित करने में सहायक है। मच्छरों की रोकथाम व नियंत्रण हेतु मलेरिया प्रभावित एवं चिन्हित ग्रामों में शासन द्वारा निर्धारित गाईडलाईन के अनुसार सिंथेटिक पायरेथ्राइड 5 प्रतिशत का छिड़काव कराया जाता है एवं आमजन को जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार कार्य कराये जाते हैं। वर्तमान समय में मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया की स्थिति सामान्य है। मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया से बचाव के लिए आमजन से अपील है कि अपने घरों के कूलरों में भरे पानी को प्रत्येक सप्ताह बदलकर, सुखाकर दुबारा भरें। अपने घरों के आसपास अनुपयोगी जल जमाव न होने दें। अपने घरों व दरवाजों में मच्छररोधी जालियां लगाये। ग्रामीण क्षेत्रों में शाम के समय नीम की पत्ती का धुंआ करें। कोई भी बुखार आने पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र अथवा आशा कार्यकर्ता से रक्त की जांच अवश्य करायें।

hi
error: Content is protected !!
×