वृद्ध को बंधक बना कर दिया लूट को अंजाम, रीवा जिले के चोरहटा थाना के रमकुई गांव का मामला,

 

 

 

 

बीरबल समाचार रीवा। बेटे का दोस्त बनकर घर में घुसे हथियारबंद बदमाशों ने वृद्ध को बंधक बना लिया। बेखौफ बदमाश करीब 4 घंटे तक घर में उपद्रव मचाते रहे, फिर नकदी व जेवर लूटकर चंपत हो गए। उनकी धमकी से पीडि़त इस कदर दहशत में रहे कि पूरी रात वे घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को नहीं दे पाए। चोरहटा थाने के रमकुंई गांव में हुई वारदात की गुरुवार की सुबह पुलिस को जानकारी मिली तो हाथ-पांव फूल गए। यहां रहने वाले रमाशंकर सिंह तिवारी कोलमाइंस सीटीएल में पदस्थ थे। सेवानिवृत्त होने के बाद अपने परिवार के साथ रमकुई चोरहटा में रहने लगे। गत दिवस उनके परिवार के सदस्य शहडोल चले गए थे। यहां घर में रमाशंकर अकेले थे। बुधवार की शाम करीब 7.30 बजे उनके घर में तीन की संख्या में बदमाश पहुंचे। उन्होंने खुद को उनके बेटे का दोस्त बताया। वृद्ध ने दरवाजा खोला तो तीनों बदमाश घर के अंदर चले गए और उन पर पिस्टल अड़ाकर बंधक बना लिया। इसके बाद सभी कमरों की तलाशी ली। एक बदमाश उनके सामने बैठा था और दो तलाशी ले रहे थे। 15 फरवरी को रमाशंकर के बेटे राहुल की शादी हुई थी। दुल्हन का सामान भी घर में रखा था। बदमाशों के हाथ करीब डेढ़ लाख रुपए नकद व 10 से 15 तोला सोने के जेवर हाथ लगे। उनको बहू का एक बैग भी मिल गया, जिसमें उसके कपड़े रखे थे। रात करीब पौने ग्यारह बजे बदमाश घर से चंपत हो गए।

 

–-दो घंटे किसी को नहीं बताना, वरना हमारे शूटर गोली मार देंगे,

 

घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने उनकी सिम निकालकर फेंक दी थी। घर का दरवाजा बाहर से बंद कर चाबी अंदर फेंक दी थी। उन्होंने पीडि़त को धमकी दी कि दो घंटे तक पुलिस को फोन नहीं करना, वरना हमारे शूटर बाहर खड़े हैं। वे बाहर से गोली मार देंगे। उनकी धमकी से रमाशंकर डर गए और उन्होंने पूरी रात घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को नहीं दी। सुबह उन्होंने पुत्र को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

 

एसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा,

 

सुबह घटना की सूचना मिलते ही एसपी विवेक सिंह, एएसपी अनिल सोनकर सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीडि़त से बातचीत कर बदमाशों का हुलिया लिया। पुलिस टीमें गठित कर सीसीटीवी कैमरा चेक करने सहित संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। फिंगर प्रिंट की मदद से भी पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। हालांकि अभी तक कोई जानकारी पुलिस को नहीं मिल पाई है।

 

दीवार पर लिखा था बेटे का नाम, 17 को होनी है बेटी की शादी,

 

इस परिवार में 15 फरवरी को बेटे राहुल की शादी हुई थी। उसकी शादी पर घर की दीवार पर दूल्हा दुल्हन का नाम लिखाया गया था, जिसे पढ़कर आरोपियों को बेटे का नाम पता चला गया और उन्होंने बेटे का नाम लेकर घर का दरवाजा खुलवा लिया। 17 अप्रेल को परिवार में बिटिया की शादी है, जिसके लिए पूरा परिवार तैयारियों में लगा हुआ था। बदमाश बिटिया की शादी के लिए रखे जेवर भी लूटकर फरार हो गए हैं।-

 

बातचीत में बुंदेलखंडी भाषा का उपयोग,

 

घटना में बाहर के बदमाशों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। बदमाश आपस में बातचीत के दौरान बुंदेलखंडी भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। आशंका जताई जा रही कि बदमाश पन्ना, छतरपुर, कटनी, जबलपुर इलाके के हो सकते हैं। पुलिस ने अपना सर्चिंग नेटवर्क सतना और अमरपाटन दोनों रूट पर फैला दिया है। दूसरे जिलों में संभावित बदमाशों का पता लगाने का प्रयास पुलिस कर रही है।

 

 

खाता चेक किया, रुपए ट्रांसफर नहीं किए,

 

बदमाशों ने पीडि़त का बैंक एकाउंट भी चेक किया था। फोन की मदद से उन्होंने खाते का बैलेंस देखा। हालांकि खाते से रुपए ट्रांसफर नहीं करवाए। घर में जो नकदी रखी हुई थी, सिर्फ उसे ही लिया।

रमकुंई गांव में लूट की घटना हुई है। तीन बदमाशों ने वृद्ध को बंधक बनाया था। घर से जेवर व कैश लूटकर चंपत हो गए। रात में डर की वजह से वे सूचना नहीं दे पाए। सुबह सूचना देने पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई। बदमाशों को पकडऩे के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

विवेक सिंह, एसपी, रीवा

hi
error: Content is protected !!
×