कुशमहर चौराहे में लगेगी भगवान बिरसा मुंडा की अष्टधातु की मूर्ति : ज्ञानेन्द्र,
बीरबल समाचार सीधी। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री व विधायक प्रतिनिधि ज्ञानेन्द्र अग्निहोत्री गुरुबाबा ने कहा कि चुरहट विधानसभा के कुशमहर में करोड़ों लोगों के आस्था के केंद्र महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जननायक “धरती आबा” भगवान बिरसा मुंडा जी की खण्डित मूर्ति के स्थान पर जन सहयोग से अष्टधातु की नई मूर्ति लगाई जाएगी। समय और तिथि उस अंचल के लोग तय करेंगे। ज्ञानेंद्र ने आगे कहा ज्ञात हो कि विगत दिनों कुछ शरारती तत्वों द्वारा बिरसा मुंडा की प्रतिमा को खण्डित कर दिया गया था। जिसे भाजपा नेताओं द्वारा राजनैतिक तूल दिया जा रहा था।पूर्व विधायक के सोशल मीडिया के बयान में सामंतवाद शब्द सुनकर कितना अजीब लगता है। जिनके द्वारा एक नए तरह के सामंतवाद को जन्म दिया गया था। चारों तरफ भय और आतंक का माहौल सा बन गया था। जो लोग मूर्ति के सहारे अपनी खोई हुई राजनीति को वापस पाने का अवसर मान रहे है अब उनके तथाकथित कुचक्र वाले शरारती मंसूबे सफल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है कानून व्यवस्था बनाने की जवाबदारी भाजपा की है और भाजपा के लोग ही अपनी सरकार पर आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं इससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत गंभीर है उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द दोषियों को खोज कर उनके ऊपर कठोरतम कार्यवाही करने की मांग की है।गुरुबाबा ने कहा विरसा मुंडा के विचार मूर्ति स्थापित होने के पहले भी थे आगे भी रहेंगे।