कांग्रेस को अपनी भारतीय सेना पर गर्व है – पंकज 
बीरबल समाचार सीधी। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेनाओं ने संयुक्त रूप से चलाए अपने ऑपरेशन में बीते मंगलवार बुधवार की आधी रात को पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया के उपाध्यक्ष एवं अतीत में भारतीय थल सेना के जवान रहे पंकज सिंह ने कहा कि हम अपनी भारतीय सशस्त्र बलों पर गर्व करते हैं, जिन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान पीओके के आतंकी ठिकानों पर साहसिक कार्रवाई करते हुए मुंहतोड़ जवाब दिया है। हम अपने जांबाज सैनिकों के साहस,दृढ़ संकल्प और राष्ट्रभक्ति को सलाम करते हैं। पंकज ने आगे कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के दिन से ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने साफ तौर पर सशस्त्र बलों और सरकार के साथ एकजुटता से खड़े होकर सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ हर निर्णायक कार्रवाई का समर्थन किया था। पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर से उत्पन्न होने वाले आतंकवाद के सभी रूपों के विरुद्ध भारत की राष्ट्रीय नीति स्पष्ट और अडिग है। उन्होंने कहा कि महान भारत देश की राष्ट्रीय एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सभी स्तर पर एकजुटता की सर्वाधिक जरूरत है। कांग्रेस पार्टी देश के वीर जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। इतिहास गवाह है कि हमारे नायकों ने हमेशा राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए अपनी शहादत दी है। ये बात देश और दुनिया को मालूम है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया के उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने अंत में कहा कि पूरा कांग्रेस संगठन हमारे सैनिकों को देश की रक्षा, एकता और आजादी को महफूज रखने के लिए पूरा समर्थन दे रहा है। पूरा देश सेवा के साथ खड़ा है।