जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत हिरन नदी के सफाई का कार्य लगातार जारी,

बीरबल समाचार सीधी। कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन में तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मिनी अग्रवाल के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बरसात के पहले हिरन नदी के सफाई का कार्य लगातार जारी है। दशकों से उपेक्षित पड़े हिरन नदी के सफाई का कार्य विगत एक सप्ताह पूर्व प्रारंभ किया गया था। हिरन नदी के सफाई हेतु मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा विस्तृत कार्ययोजना तैयार करते हुए निकाय के अमले को निगरानी हेतु तैनात किया गया है। समय-समय पर कर्मचारियों के द्वारा चल रहे सफाई अभियान का निरीक्षण किया गया एवं स्वयं भी चल रहे अभियान की निगरानी की गई। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत एक सप्ताह पहले शुरू हुए सफाई अभियान के तहत हिरन नदी के विभिन्न स्थलों में लगभग 2 से 2.5 किलोमीटर की दूरी तक सफाई कार्य किया गया। हिरन नदी के जल को सर्वाधिक प्रदूषित करने वाले जलकुंभी, प्लास्टिक, पालीथीन इत्यादि कचरे की सफाई की गई। इस सघन सफाई अभियान में विशेष रूप से सीधी के संविदाकार और समाजसेवी अनिल सिंह चैहान ‘‘ददरी‘‘ का योगदान उल्लेखनीय रहा। उक्त अभियान में जिला प्रशासन के द्वारा हिरन नदी के वास्तविक स्वरूप को जानने के लिए सीमांकन दल का गठन भी किया गया जिसके तहत हिरन नदी के आसपास निर्मित मकानों को भी चिन्हित किया गया।