मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई कुसमी की सदस्यता पर हुई बैठक,
जिला कार्यकारिणी द्वारा शिक्षकों का किया गया सम्मान,
बीरबल समाचार सीधी। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ जिला सीधी के जिलाध्यक्ष सतीश कुमार पाण्डेय, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर तिवारी एवं विकासखंड सीधी के अध्यक्ष कुमुद पाण्डेय ने दिनांक 25 अप्रैल 2025 को ब्लॉक इकाई कुसमी की नवीन कार्यकारिणी गठन और वर्ष 2025-26 की सदस्यता के लिए पीएमश्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संकुल केंद्र टमसार में शिक्षकों के साथ बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता प्राचार्य रामपाल सिंह के द्वारा की गई। सर्वप्रथम मां वीणा वादिनी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर सरस्वती वंदना के साथ बैठक का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि के उद्बोधन में जिलाध्यक्ष सतीश कुमार पाण्डेय द्वारा मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के रीति नीति एवं कार्य पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संघ प्राथमिक से महाविद्यालय, विश्वविद्यालय स्तर तक के समस्त शासकीय अशासकीय शिक्षकों का संघ है जो अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ दिल्ली से संबद्ध है। आज तक जो भी अध्यापक संवर्ग या शिक्षकों को लाभ मिला है और समस्याओं का समाधान हुआ है। वह केवल शिक्षक संघ के द्वारा ही प्राप्त हुआ है और आगे भी प्राप्त होता रहेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही नियुक्ति दिनांक से शिक्षक संवर्ग को वरिष्ठता का लाभ मिलेगा और पुरानी पेंशन भी मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के ही प्रयास से मिलकर ही रहेगी। उन्होंने कहा कि कुसमी विकासखंड इकाई कई वर्षों से सदस्यता में शून्य है जिसे जीवित कर कम से कम 1000 सदस्य बनाने का लक्ष्य आप लोगों को सौंप रहा हूं। आशा नहीं पूर्ण विश्वास है कि आप सभी के प्रयास से इस लक्ष्य को प्राप्त करेंगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आप सभी जब भी मेरी आवश्यकता समझेंगे तो मैं राष्ट्रहित, शिक्षा हित, छात्र हित एवं शिक्षक हित के लिए समर्पण भाव के साथ उपलब्ध रहूंगा। जिला उपाध्यक्ष श्याम सुंदर तिवारी एवं विकासखंड सीधी के अध्यक्ष कुमुद पाण्डेय द्वारा भी शिक्षक संघ के सिद्धांतों और कार्यों के संबंध में विस्तार से प्रकाश डाला गया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य रामपाल सिंह के द्वारा कहा गया कि मध्य प्रदेश शिक्षक संघ बहुत पुराना मान्यता प्राप्त संगठन है। मुझे अच्छी तरह से जानकारी है और जो कुछ भी प्राथमिक शिक्षक, माध्यमिक शिक्षक, उच्च माध्यमिक शिक्षक शिक्षक प्राचार्य, व्याख्याता को लाभ मिलेगा। वह केवल मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के द्वारा ही मिलेगा। आज मुझे बहुत ही प्रसन्नता है कि विकासखंड कुसमी की बैठक मेरे जानकारी के अनुसार पहली बार हो रही है। निश्चित ही भविष्य में विशाल सम्मेलन कर 1000 से ऊपर सदस्य विकासखंड कुसमी में बनाएंगे। बैठक में उपस्थित होने और प्रथम बार बैठक करने के लिए जिलाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी को मेरा बहुत-बहुत स्वागत अभिनंदन आभार। इसके बाद जिला कार्यकारिणी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे कार्य करने वाले शिक्षक एवं प्राचार्य रामपाल सिंह, प्रेमलाल सिंह एवं प्रमोद कुमार पाण्डेय को शाल, श्रीफल एवं रामचरित मानस भेंट कर सम्मान किया गया। इसके बाद प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा जिला कार्यकारिणी के जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं विकासखंड अध्यक्ष को गीता की पुस्तक भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्यकारी अध्यक्ष विकासखंड कुसमी प्रवीण कुमार शुक्ल द्वारा किया गया। इस मौके पर प्रमुख रूप से शिक्षक राजेंद्र सिंह, प्रेमलाल साकेत, राधेश्याम यादव, लखपति सिंह, अंगू कोल, राममिलन प्रजापति, रामनरेश तिवारी, सुप्रिया तिवारी, मधु सिंह, गीतांजलि लखेरा, अनामिका पाराशर आदि 100 से अधिक संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। अंत में कल्याण मंत्र के साथ बैठक का समापन किया गया।