मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी,

सोन एवं गोपद नदी के विभिन्न तटों पर उमड़ा जनसैलाब,

सुरक्षा को लेकर सभी घाटों में तैनात रही पुलिस,

 

 

 

 

 

बीरबल समाचार सीधी। मकर संक्राति के पावन अवसर पर मंगलवार को सोन नदी, गोपद नदी, महान एवं बनास नदी के विभिन्न घाटों एवं अन्य पवित्र नदियों में हजारों लोगों ने डुबकी लगाकर श्रद्धालुओं ने गुड़-तिल का दान किया। इस अवसर पर विभिन्न घाटों में मेले का आयोजन किया गया। मकर संक्रांति के अवसर पर सोन, गोपद, महान, बनास आदि जिले की प्रमुख नदियों के विभिन्न घाटों में हजारों की संख्या में लोग स्नान कर लाई, तिल, गुड़़ आदि का दान किये। इस अवसर पर जगह-जगह मेलों का भी आयोजन किया गया। आज सुबह से ही स्थानीय शहर से भारी संख्या में लोग सोन नदी के गऊघाट, कुर्रवाह, कोलदहा, भवरसेन, जोगदहा, भेलकी घाट के लिए रवाना होने लगे थे। जिसमें कुछ स्वयं के वाहन से तो कुछ बस, टैक्सियों, ऑटो से तो कुछ पैदल ही गये। गऊघाट मेला में तो बड़े वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रही। लोगों के आने-जाने का सिलसिला आज दिन भर चलता रहा। पवित्र नदियों के घाटों में आज हजारों लोगों ने स्नान किया। साथ ही यहां आयोजित मेले में जमकर खरीददारी भी की। वहीं सीधी शहर में जगह-जगह गन्ने, खिलौने, लाई, तिल आदि की दुकानें सजी थी। जहां लोगों ने खरीददारी की।

 

 

 

 

जगह-जगह मुस्तैद रही पुलिस,

 

 

 

 

गऊघाट मेले में सिटी कोतवाली क्षेत्र के ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी भी पूरी तरह से मुस्तैद नजर आए। वहीं कमर्जी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस पुल केे दूसरी ओर अपने थाना की सीमा पर पूरी मुस्तैदी से जमी रही, जिससे सभी व्यवस्थाएं शांति पूर्ण रहीं। मेला क्षेत्र मेंं महिला पुलिसकर्मियों की संख्या भी काफी नजर आई। मेलों में जहां एक ओर ससुराल व मायके वालों में मेल-मिलाप का दौर चलता रहा वहीं नौजवानों ने भी इन मेलों में खूब लुत्फ उठाया। मेलों में झूलों का भी लोगों ने आनंद उठाया। मकर संक्रांति पर विशेष महत्व रखने वाले गन्ने का भाव आसमान पर रहा। फिर भी लोगों द्वारा इसकी जमकर खरीदी की गई। मेले से लौटने वाले लोगों के हाथों में गन्ना जरूर दिखा। इन मेलों में महिलाओं व बच्चों ने भी आनंद उठाते हुए जमकर खरीददारी की। जिसमें बच्चों द्वारा खिलौनों को विशेष महत्व दिया गया। सोन नदी के पोस्ता घाट में भी मेला का आयोजन किया गया। इन मेलों में क्षेत्रीय लोगों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। लोग सुबह से ही सोन नदी में स्नान करने के लिये रवाना हो चले थे। यह दौर दिन भर चलता रहा।

 

 

 

गऊघाट में उमड़ा आस्था का सैलाव,

 

 

 

सोन नदी के गऊघाट तट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ा, स्थिति यह रही कि मेले के चलते सीधी मऊगंज मार्ग में करीब चार घंटे तक अच्छा खासा जाम लगा रहा। मेले की सुरक्षा व्यवस्था को जांचने पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द वर्मा,अपर कलेक्टर अंशुमन राज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, एसडीएम निलेश शर्मा, तहसीलदार जान्हवी शुक्ला सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने सोन नदी के विभिन्न घाटों में मकर संक्रांति पर्व पर उमड़ी श्रद्धालुओं की व्यवस्था की निगरानी की गई। जिले के सभी पवित्र नदियों एवं मेला स्थलों में सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

You missed

hi
error: Content is protected !!
×