परिणाम मूलक एवं हाईटेक कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी करें-पाराशर,
संगठन चुनाव की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित,
बीरबल समाचार सीधी। भारतीय जनता पार्टी सच्चे अर्थों में लोकतंत्र में निहित पार्टी है। हम संगठन चुनाव के माध्यम से संगठन को सर्व स्पर्शी, सर्वव्यापी एवं सर्व समावेशी बनाने का कार्य करते हैं। संगठन चुनाव में आधुनिक तकनीक से लैस, गुणात्मक एवं परिणाम मूलक कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी करते हैं। भारतीय जनता पार्टी केवल चुनाव के लिए राजनीति नहीं करती बल्कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए अनेक प्रकल्पों पर कार्य करती है। उक्त आशय के विचार संगठन पर्व के दौरान आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश मंत्री एवं जिले के चुनाव प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। चुनाव अधिकारी श्री पाराशर ने कहा कि हम संगठन चुनाव के माध्यम से नई ऊर्जा से युक्त राष्ट्रभक्ति के उल्लास में डूबी हुई कार्यकर्ताओं की टोली खड़ी करते हैं। यह टोली जहां एक और भारत माता को विश्व गुरु बनाने के लिए राजनीतिक क्षितिज पर कार्य करती है वहीं दूसरी ओर समाज को सुसंगठित और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत करने के लिए आगामी महीने में विभिन्न महापुरुषों की जयंती जैसे भारत रत्न अटल की शताब्दी वर्ष, 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस, सरदार पटेल की 150 वीं जयंती, भगवान बिरसा मुंडा के 150 वर्ष, देवी अहिल्याबाई के तीसरी शताब्दी वर्ष एवं रानी दुर्गावती के पांचवी शताब्दी वर्ष के विभिन्न कार्यक्रमों को आयोजित करने वाली है।चुनाव अधिकारी श्री पाराशर ने कहा कि सर्वगुण संपन्न और लोक संग्रही कार्यकर्ता आने वाले संगठन चुनाव में चयनित होकर आए, यह हम सभी का मुख्य लक्ष्य होना चाहिए। जिससे भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से हम भारत को दुनिया की महाशक्ति बना सके। चुनाव अधिकारी और मध्य प्रदेश के पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री पाराशर ने कहा कि बूथ अध्यक्षों को भारतीय जनता पार्टी ने संवैधानिक दर्जा प्रदान किया है। जैसे अन्य अध्यक्षों के कर्तव्य और अधिकार होते हैं वैसे ही अब बूथ अध्यक्षों को भी अपने-अपने मतदान केंद्र का समग्र अधिकार प्राप्त होंगे और पार्टी और सशक्त और समृद्धशाली बनेगी।
35 से 45 वर्ष की उम्र के होंगे मंडल अध्यक्ष
चुनाव अधिकारी एवं प्रदेश मंत्री श्री पाराशर ने कहा कि मंडल चुनाव के लिए सक्रिय सदस्यता के साथ-साथ 35 से 45 वर्ष की आयु होनी चाहिए। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष के लिए 45 से 60 वर्ष की आयु पूर्ण होनी चाहिए । चुनाव अधिकारी श्री पाराशर ने कहा कि हमें एक मत से चुनावी प्रक्रिया को पार्टी और देश के हितों को ध्यान में रखते हुए संपन्न करनी है। जिसका उपस्थित जन समुदाय ने जोरदार तालिया की गाड़ाहट के साथ, भारत माता जिंदाबाद के उद्घोष के साथ अभिनंदन किया।जिले में अब होंगे 23 मंडलचुनाव अधिकारी श्री पाराशर ने कहा कि अभी तक जिले में कुल 15 मंडल थे किंतु अब 23 मंडल होंगे।
तेजस्वी कार्यकर्ताओं की खड़ी करें टोली— देव कुमार,
भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन 2047 तक देश को महाशक्ति बनने के लिए संगठन चुनाव के दौरान शानदार और तेजस्वी कार्यकर्ताओं की टोली संगठन चुनाव में खड़ी करें। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चौहान ने कहा कि हमने सक्रिय सदस्यता रिकॉर्ड स्तर पर की है, जिसकी प्रदेश नेतृत्व ने तारीफ की है। इसके लिए जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता बधाई का पात्र है।
भाजपा रीति नीति और सिद्धांतों की पार्टी— रीती पाठक,
सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी रीति नीति और सिद्धांतों की पार्टी है। यहां का कार्यकर्ता अपने आप में अद्वितीय होता है। संगठन चुनाव शानदार और एक मत से हो यही शुभकामनाएं हैं। स्वागत भाषण विषय की प्रस्तावना भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं सह निर्वाचन अधिकारी बृज बिहारी लाल शर्मा ने रखी और कार्यक्रम का संचालन सह जिला निर्वाचन अधिकारी मोतीलाल पटेल ने किया। आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री विनोद साकेत ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह एवं जिला पदाधिकारी, मोर्चा और मंडल के अध्यक्ष, मंडल के निर्वाचन सहयोगी सैकड़ो की संख्या में उपस्थित रहे।