राजस्व महाअभियान में शत प्रतिशत नामांतरण, बटवारा एवं अभिलेख दुरुस्ती के प्रकरणों का निराकरण किया गया,
बीरबल समाचार सीधी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार राजस्व विभाग म.प्र.शासन के निर्देशन में 16 जुलाई से 31 अगस्त 2024 तक राजस्व महा अभियान 2.0 का आयोजन किया गया। इस अभियान में राजस्व प्रकरणों विशेषतः नामांतरण, बटवारा एवं अभिलेख दुरुस्तगी का निराकरण, नक्शा तरमीम और समग्र से आधार और खसरों की लिंकिंग का कार्य शामिल था। सीधी जिले में भी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के मार्गदर्शन में अभियान पूर्ण किया गया। अभियान के दौरान 01 जुलाई 2024 के पूर्व पंजीकृत प्रकरणों में शत प्रतिशत नामांतरण, बटवारा एवं अभिलेख दुरुस्ती के प्रकरणों का निराकरण किया गया। जिले में अभियान के दौरान 1 जुलाई 2024 के पूर्व पंजीकृत प्रकरणों में 1476 नामांतरण, 791 बटवारा एवं 471 अभिलेख दुरुस्तगी के प्रकरणों का अभियान चलाकर निराकरण किया गया। अभियान में 28369 नक्शों में तरमीम और 93600 ई.के.वे सी. की गयी। इसके अतिरिक्त 1 जुलाई 2024 के बाद पंजीकृत 4766 नए प्रकरणों का भी निराकरण किया गया। अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर श्री सोमवंशी तथा अपर कलेक्टर राजेश शाही द्वारा नियमित समीक्षा बैठकों का आयोजन कर राजस्व अधिकारीयों एवं कर्मचारियों को कार्य में आने वाली समस्याओं का निराकरण कर अभियान में लक्षित कार्यों को पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा राजस्व अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने हेतु बधाई और शुभकामनायें दी गयी हैं।