मानचित्र को साथ लेकर पढ़ना ज्यादा कारगर- अभिषेक सिंह बघेल, जिला पंजीयक ने किया छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन,
बीरबल समाचार सीधी। जनपद पंचायत सीधी के सभागार में संचालित नि:शुल्क कोचिंग के छात्र-छात्राओं से चर्चा करते हुए जिला पंजीयक अभिषेक सिंह बघेल ने कहा कि मानचित्र साथ लेकर पढ़ना ज्यादा कारगर होता है। भूगोल के साथ -साथ इतिहास, राजनीतिक परिदृश्य, अर्थव्यवस्था, समसामयिक घटनाओं आदि को पढ़ने में मानचित्र बहुत उपयोगी होते हैं। इस दौरान निःशुल्क कोचिंग क्लासेस की सहायक संचालक किरण भारती, शिक्षिका दीक्षा लोधी, ईरीना बघेल और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। जिला पंजीयक ने कहा कि पढ़े गए टॉपिक के शॉर्ट नोट्स बनाते चले और साथ में वस्तुनिष्ठ प्रश्नों का भी अभ्यास करते रहें। उन्होंने करंट अफेयर्स पढ़ने का तरीका बताते हुए कहा कि वर्तमान में घटित घटनाओं पर नजर रखें, जैसे हाल ही में संपन्न ओलंपिक में भारत ने कितने पदक प्राप्त किए, इस तरह की जानकारी होना चाहिए। इसी तरह हाल ही में भारत में लोकसभा चुनाव संपन्न हुए है। हमें इससे संबंधित संवैधानिक प्रावधानो और चुनाव आयोग के बारे में जानकारी होना चाहिए। इसी तरह हमारे पड़ोसी देशों की हलचल पर भी नजर बनाए रखनी चाहिए, जैसे कि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन पर क्योंकि सत्ता परिवर्तन होने से इसका प्रभाव प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से भारत पर भी देखने को मिलेगा। अपर कलेक्टर राजेश शाही की निगरानी में निःशुल्क कोचिंग क्लासेस नियमित संचालित हो रही हैं। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी एवं आदर्श परिवार एवं आधुनिक नालंदा के डायरेक्टर परीक्षित भारती के सहयोग से नि:शुल्क कोचिंग क्लासेस निरंतर संचालित हो रही है। जिसका जरूरतमंद छात्र-छात्राएं लाभ उठा रहे हैं।