महिला सशक्तिकरण विशेष,
गांव से निकलकर संसद और विधानसभा पहुंची रीती पाठक,
राजनीति की गलियों में महिला सशक्तिकरण सफल उदाहरण है रीती पाठक,
बीरबल समाचार सीधी। सीधी विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान विधायक श्रीमती रीती पाठक सीधी संसदीय क्षेत्र की दो बार सांसद भी रह चुकी हैं। उनका राजनैतिक सफर 2010 में जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में शुरू हुआ। अपने 15 वर्षों के राजनैतिक सफर में श्रीमती पाठक ने सीधी जिले ही नहीं प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने संसद और विधानसभा में सदैव सीधी के विकास के लिए आवाज बुलंद की। राजनीति गलियों में श्रीमती रीती पाठक का राजनैतिक सफर महिला सशक्तिकरण का सफल उदाहरण है। श्रीमती रीती पाठक का जन्म एक जुलाई 1977 को सिंगरौली जिले के खटखरी ग्राम में हुआ। उन्होंने शिक्षा दीक्षा रीवा में प्राप्त की। आपने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद इतिहास विषय में स्नातकोत्तर और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। आपका विवाह 1997 में श्री रजनीश पाठक से हुआ। श्री पाठक सीधी जिले के प्रतिष्ठित संविदाकार और राजनैतिक हैं। श्रीमती रीती पाठक 2010 में जिला पंचायत सीधी की अध्यक्ष बनी। उन्होंने पंचायतराज संस्थाओं में महिलाओं के अधिकारों को लेकर लगातार प्रयास किये। पंचायतराज संस्थाओं में महिला पदाधिकारियों के सशक्त भूमिका के लिए महिलाओं को लगातार जागरूक किया। श्रीमती पाठक 2014 में पहली बार तथा 2019 में दूसरी बार सीधी संसदीय क्षेत्र से सांसद चुनी गई। उन्होंने संसद में ललितपुर सिंगरौली रेल परियोजना, संजय टाइगर रिजर्व के विकास, सीधी और सिंगरौली में मेडिकल कॉलेज तथा इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना सहित जिले के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी आवाज बुलंद की। श्रीमती पाठक 2023 में सीधी विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनी गयी। अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। श्रीमती रीती पाठक ने राजनैतिक जीवन की व्यस्तताओं के बीच सामाजिक कार्यों और पारिवारिक जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। उनका राजनैतिक सफर महिला नेतृत्व और समाजसेवा का सफल उदाहरण है। उन्होंने 15 वर्षों के राजनैतिक जीवन में महिला सशक्तिकरण के अनेक उदाहरण प्रस्तुत किये हैं।